सूबे प्रमुख की गैरमौजूदगी में सूना हुआ मंत्रालय 

Ads

सूबे प्रमुख की गैरमौजूदगी में सूना हुआ मंत्रालय 

  •  
  • Publish Date - May 30, 2017 / 01:22 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:53 PM IST

 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस समय लगभग पूरी सरकार नदारद है. जिसके चलते मंत्रालय सूना-सूना सा है।  मुख्यमंत्री समेत दो मंत्री विदेश में हैं, तो बाकी मंत्री अपने इलाकों में पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त हैं । तो वहीं अधिकांश अफसर छुट्टी पर हैं, तो बाकी नए विभागों में प्रभार संभालने की तैयारी में है.

छत्तीसगढ़ सरकार इस समय लीव मोड में है। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह आला अफसरों के साथ दक्षिण कोरिया और जापान के दौरे पर हैं, तो स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर भी विभाग के अफसरों के साथ विदेश में हैं. केदार कश्यप के निजी दौरे पर विदेश जाने की खबर है. वहीं कृषि मंत्री परिवार के सदस्यों के साथ तीर्थ यात्रा पर हैं। बाकी मंत्री अपने-अपने इलाकों में पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त हैं । 

ऐसी स्थिति में मंत्रालय की रौनक खो गई है हालांकि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे के दौरान गृह मंत्री रामसेवक पैकरा को राजधानी में रहने को कहा गया था, लेकिन वे भी अपने क्षेत्र में हैं । राजेश मूणत जरूर रायपुर में हैं, लेकिन वे भी पार्टी के कार्यक्रम में लगे हुए हैं । अफसरों का भी यही हाल है। कुछ विदेश दौरे पर हैं, तो कुछ ने लंबी छुट्टियां ले रखी हैं । बाकी बचे अफसर अपने नए प्रभार में जाने की तैयारी में जुटे हैं। ऐसी हालत में विपक्ष ने सरकार को निशाने पर लिया है।

लोक सुराज अभियान खत्म होते ही मंत्री और अफसर छुट्टी पर चले गए तो रही सही कसर भाजपा के पं. दीनदयाल उपाध्याय विस्तार योजना ने पूरी कर दी. सभी मंत्री, विधायक और सांसदों को बूथ पर जाने का फरमान सुना दिया गया है. कुलमिलाकर सरकारी काम काज थम गया है और मंत्रालय में सन्नाटा है।