मप्र: पूर्व केंद्रीय मंत्री की पत्नी की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

मप्र: पूर्व केंद्रीय मंत्री की पत्नी की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 12, 2021 / 10:40 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:01 PM IST

टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश), 12 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पीआर कुमारमंगलम की पत्नी किटी कुमारमंगलम (67) की हत्या के मामले में एक आरोपी को टीकमगढ़ जिले के जतारा पुलिस थानांतर्गत बलदेवपुरा गांव से सोमवार को गिरफ्तार किया।

किटी कुमारमंगलम की छह जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के वसंत विहार स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी। वह वकील थीं और घर में अकेली रहती थीं।

जतारा पुलिस थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि किटी कुमारमंगलम की घर में घुसकर हत्या और लूट के मामले में वांछित अपराधी सूरज कुमार (36) को सोमवार को जतारा पुलिस ने बलदेवपुरा गांव से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दिल्ली पुलिस को हत्या के मामले में सूरज की तलाश थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

त्रिवेदी ने कहा कि सूरज के कब्जे से 522 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के और कुछ हीरे के आभूषण बरामद किये गए हैं, जिनकी कीमत करीब 33 लाख रूपये आंकी गयी है। यह आभूषण वारदात के समय लूटे गए थे। उन्होंने बताया कि आरोपी के बलदेवपुरा गांव में अपने ससुराल में छिपे होने की दिल्ली पुलिस से सूचना के वाद वहां दबिश दी गयी और उसे पकड़ने में कामयाबी मिली।

त्रिवेदी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके सूरज को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

भाषा सं रावत शफीक