पवार कर रहे हैं विपक्ष को एकजुट करने का काम : राकांपा

Ads

पवार कर रहे हैं विपक्ष को एकजुट करने का काम : राकांपा

  •  
  • Publish Date - June 21, 2021 / 03:20 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:08 PM IST

मुंबई, 21 जून (भाषा) राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि पार्टी प्रमुख शरद पवार सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने का काम कर रहे हैं।

नयी दिल्ली में सोमवार को पवार की राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ हुई बैठक के मुद्दे पर मलिक ने यह बात कही।

पवार और किशोर के बीच इस महीने हुई आमने-सामने की यह दूसरी बैठक है। पवार के दिल्ली आवास पर हुई यह मुलाकात राकांपा की मंगलवार को होने जा रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले हुई है।

इस बारे में पूछे जाने पर मलिक ने कहा, ‘‘पवार सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने के लिए काम कर रहे हैं। हो सकता है कि बैठक इसी मुद्दे पर हुई हो। कल राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी होने जा रही है।’’

भाजपा से मुकाबले के लिए तीसरे मोर्चे के गठन की अटकलों के बीच पवार और किशोर के बीच बंद कमरे में हुई यह बैठक लगभग डेढ़ घंटे तक चली।

मलिक ने ट्वीट किया, ‘‘देश में वर्तमान परिदृश्य पर चर्चा करने के लिए जाने-माने राजनीतिक नेता और समाज के विभिन्न तबकों से जानी-मानी हस्तियां मंगलवार को दिल्ली में पवार के आवास पर बैठक में शामिल होंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यशवंत सिन्हा, पवन वर्मा, संजय सिंह, डी राजा, फारूक अब्दुल्ला, वंदना चव्हाण, न्यायमूर्ति ए पी सिंह, जावेद अख्तर, के टी एस तुलसी, करण थापर, आशुतोष, अधिवक्ता मजीद मेमन, पूर्व चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी, के सी सिंह, संजय झा, सुधींद्र कुलकर्णी, कोलिन गोंजाल्वेस, अरुण कुमार, घनश्याम तिवारी और प्रीतिश नंदी बैठक में शामिल होंगे।’’

महाराष्ट्र में राकांपा फिलहाल शिवसेना और कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार में है। इससे पहले, पवार और किशोर के बीच 11 जून को राकांपा प्रमुख के मुंबई स्थित आवास पर लगभग तीन घंटे तक बैठक हुई थी।

किशोर ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में क्रमश: तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के लिए चुनावी रणनीति बनाने में मदद की थी। पिछले महीने आए चुनाव परिणाम में इन दोनों दलों को अपने-अपने राज्य में जीत मिली थी।

इसके बाद, किशोर ने कहा था कि वह अब आगे से किसी दल के लिए चुनावी रणनीति बनाने का काम नहीं करेंगे।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप