आगरा में मिट्टी की ढांग ढहने से कई बच्चे दबे

Ads

आगरा में मिट्टी की ढांग ढहने से कई बच्चे दबे

  •  
  • Publish Date - December 31, 2020 / 12:59 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:53 PM IST

आगरा, 31 दिसम्बर (भाषा) आगरा में बृहस्पतिवार को थाना सिकंदरा के रुनकता गांव में एक तालाब की खुदाई के दौरान मिट्टी की ढांग (मिट्टी की ढेर) ढहने से उसमें कई बच्चे दब गये। पुलिस-प्रशासन द्वारा चलाये गए बचाव अभियान में आठ बच्चों को निकाला गया है और उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।

थाना सिकंदरा के निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि अन्य बच्चों के दबे होने की आशंका की वजह से बचाव अभियान भी जारी है। उन्होंने बताया कि ढांग से निकाले जा चुके बच्चों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि थाना सिकंदरा के अंतर्गत रुनकता में चल रहे तालाब की खुदाई के चलते मिट्टी की ढांग ढह गयी जिससे कई बच्चे उसमें दब गये। हादसे की जानकारी होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कराया।

कुमार ने बताया कि दो घण्टे से जेसीबी मशीन से बचाव कार्य कराया जा रहा है जिसमें आठ बच्चों को निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन बच्चों को बेहोशी की हालत में तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से कई बच्चों की हालत चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि ढाय में अभी और बच्चों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव कार्य जारी है।

भाषा सं अमित

अमित