सावधान! अगले दो माह हीट अलर्ट, यूवी रेडिएशन से बचने की हिदायत
सावधान! अगले दो माह हीट अलर्ट, यूवी रेडिएशन से बचने की हिदायत
रायपुर। देशभर में मौसम के बदलते तेवर को देखते मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथॉरिटी के मुताबिक छत्तीसगढ़ सहित दूसरे राज्यों में ढाई महीने के लिए हीट रहेगा। इस दौरान 11 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलना नुकसानदायक हो सकता है। लिहाजा हीट से बचने के इंतजाम कर बाहर निकलने की हिदायत दी गई है। गर्मी को देखते हुए स्कूलों के टाइमिंग में बदलाव किया गया है। गर्मियों में शहर का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा ही होता है। ऐसे में सूरज से निकलने वाली यूवी रेडिएशन दो से तीन गुना बढ़ जाती हैं। इससे स्किन और आंखों को खतरा होता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार दोपहर 11 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से पहले यूवी प्रोटेक्शन क्रीम और बॉडी लोशन का इस्तेमाल बेहतर है।
इसके अलावा धूप में निकलने से पहले चेहरे पर कॉटन का स्कार्फ बांधें। स्कार्फ बहुत टाइट नहीं बांधना चाहिए। हाथों में ग्लब्स पहनें। आंखों में चश्मा लगाएं। एंटीऑक्सीडेंट्स फ्रूटस और वेजीटेबल बेरी, संतरे, आंवला, हरी सब्जियां ज्यादा मात्रा में खाएं। छतरी भी यूज कर सकते हैं। सिर पर कैप लगाएं। थोड़ी-थोड़ी देर में पानी और लिक्विड पीते रहें।

अल्ट्रा वायलेट किरणें आंखों को नुकसान पहुंचाती हैं। इन किरणों के संपर्क में लगातार आने से आंखों में मोतियाबिंद होने की आशंका भी होती है। समर सीजन में कई लोगों को आंखों में जलन की शिकायत होती है। ऐसा आंखें ड्राई होने के कारण होता है। आई फ्लू का खतरा भी बढ़ता है।
रिटायर्ड मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 यूनिट से ज्यादा यूवी किरणें शरीर के लिए नुकसानदेह होती हैं। रायपुर में ये 12 से 13 यूनिट तक रिकॉर्ड की गई है। फिलहाल बारिश होने से यूवी किरणों का लेवल कम है, लेकिन कुछेक दिनों में ही ये 10 यूनिट के आसपास या उससे ज्यादा पहुंच जाएगी।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


