(Apple Pay Launch Date/ Image Credit: Instagram)
नई दिल्ली: Apple Pay Launch Date: भारत में Apple की डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay सितंबर के अंत या अक्टूबर तक लॉन्च (Apple Pay Launch Date) होने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में यह सर्विस क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकती है। इसमें Visa और Mastercard नेटवर्क वाले कार्ड इस्तेमाल किए जा सकेंगे। यूजर्स अपने कार्ड को Apple Wallet में सेव करके iPhone या iPad से स्टोर पर आसानी से कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर पाएंगे। हालांकि, लॉन्च के समय UPI का विकल्प नहीं मिलेगा।
Apple Pay के जरिए पेमेंट करने के लिए यूजर को सबसे पहले अपना क्रेडिट कार्ड Apple Wallet में जोड़ना होगा। इसके बाद किसी स्टोर पर पेमेंट करते समय iPhone या iPad को POS मशीन के पास टैप करना होगा। यह पूरा भुगतान NFC यानी Near Field Communication तकनीक के जरिए होगा। इस तकनीक में डिवाइस और पेमेंट मशीन के बीच कम दूरी पर वायरलेस तरीके से ट्रांजैक्शन पूरा किया जाता है। Visa और Mastercard जैसे ग्लोबल कार्ड नेटवर्क के जरिए पेमेंट की सुविधा दी जा सकती है।
Apple Pay के भारत में शुरुआती लॉन्च (Apple Pay Launch Date) में UPI सपोर्ट नहीं मिलने की बात सामने आई है। UPI को जोड़ने के लिए Apple को NPCI की मंजूरी के साथ पेमेंट रूटिंग के लिए किसी प्रायोजक बैंक के साथ साझेदारी करनी होगी। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी सितंबर के आखिर या अक्टूबर तक भारत में लॉन्च की तैयारी पूरी करने की योजना बना रही है। हालांकि Apple ने अभी तक इस लॉन्च को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है।
भारत में Apple Pay के जरिए होने वाले क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन से Apple की कमाई भी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी कार्ड जारी करने वाले बैंकों से हर ट्रांजैक्शन पर फीस को लेकर बातचीत कर रही थी। Apple करीब 15 से 20 बेसिस प्वाइंट हिस्सेदारी की मांग कर रहा था, जबकि कुछ बड़े बैंक करीब 10 बेसिस प्वाइंट की फीस चाहते थे। एक बेसिस प्वाइंट 0.01 प्रतिशत के बराबर होता है। माना जा रहा है कि Apple Pay की एंट्री से भारत में क्रेडिट कार्ड पेमेंट का इस्तेमाल बढ़ सकता है।