मैनपुरी में टायर फटने से पलटी कार सवार 105 वर्षीय महिला और आठ साल की बच्ची की मौत
मैनपुरी में टायर फटने से पलटी कार सवार 105 वर्षीय महिला और आठ साल की बच्ची की मौत
मैनपुरी (उप्र), 28 मई (भाषा) मैनपुरी जिले के ऐलाऊ क्षेत्र में कुसमारा रोड पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर एक कार पलट जाने से उसमें सवार एक वयोवृद्ध महिला और एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार शाम हुए इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 105 वर्षीय रमा देवी और आठ वर्षीय प्रांशी के रूप में हुई। परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
सिंह ने बताया कि रूपपुर भरतपुर गांव के निवासी उमेश अपनी मां रमा देवी, बेटी प्रांशी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार शाम बेवार में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार सचिन चला रहा था।
ऐलाऊ थाना क्षेत्र में कुसमारा रोड पर अचानक कार का पिछला टायर फट गया। इससे ड्राइवर का नियंत्रण हट गया और कार सड़क पर लुढ़कते हुए किनारे खाई में जा गिरी।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रमा देवी और प्रांशी को मृत घोषित कर दिया। बाकी छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसलिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया।
भाषा सं आनन्द मनीषा
मनीषा

Facebook


