आगरा में प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नियम वापस लेने की मांग को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लगाया
आगरा में प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नियम वापस लेने की मांग को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लगाया
आगरा (उप्र), 20 सितंबर (भाषा) आगरा में प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारी यमुना एक्सप्रेसवे पर लेट गए और कुछ लोग ट्रकों के ऊपर चढ़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझाया, जिसके बाद वे एक्सप्रेसवे से हट गए।
उन्होंने बताया कि करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
‘यूजीसी मुक्त मोर्चा’ ने कुछ दिन पहले ही रविवार को प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
आगरा में रविवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर खंदौली थाना क्षेत्र के मुड़ी चौराहे पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय की ओर कूच किया तो रास्ते में पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी अवरोधक हटाने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद पुलिस के साथ उनकी काफी खींचतान और नोकझोंक हुई। अवरोधक लांघकर प्रदर्शनकारी एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए।
अपर पुलिस उपायुक्त हिमांशु गौरव ने बताया कि कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे जाम करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में उन्हें वहां से हटा दिया गया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


