शाहजहांपुर (उप्र) 5 मार्च भाषा) शाहजहांपुर जिले में होली पर दूसरे धर्म के एक व्यक्ति पर रंग डालने को लेकर हुए विवाद के बाद बृहस्पतिवार को दोनों धर्म के लोग आपस में फिर भिड़ गए, फलस्वरूप पथराव में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में दोनों धर्मो के 20 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि गांव में शांति कायम है लेकिन एहतियातन वहां पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को बताया कि अल्लाहगंज थानाक्षेत्र के मऊ रसूलपुर गांव में बुधवार को हिंदू समुदाय द्वारा रंग खेले जाने के दौरान दूसरे धर्म के एक व्यक्ति पर रंग पड़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
द्विवेदी ने बताया कि तब पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
उन्होंने बताया कि आज मुस्लिम पक्ष दूसरे पक्ष के यहां पहुंच गया और कल के मामले पर आपस में उलझने लगा, फलस्वरूप दोनों ओर से पथराव होने होने लगा जिसमें 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ।
झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया की पुलिस ने घटना के बाद दोनों धर्मो के 20 लोगों को हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि एक पक्ष के दिव्यांशु की शिकायत पर गांव के ही जायद अली, शाहीन अली, अकील अहमद, अजीम, सोहेल ,आमिर, महकू, हसरथ समेत 100 अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार