मुजफ्फरनगर (उप्र), छह फरवरी (भाषा) शामली जिले में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का एक इनामी बदमाश मारा गया जबकि एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान रिहान के रूप में हुई है, जो दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दर्ज लगभग 90 आपराधिक मामलों में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर रात बाबरी थाना क्षेत्र में हुई, जब पुलिस ने रिहान को सड़क पर राहुल नामक व्यक्ति से कथित तौर पर लूट के बाद रोकने की कोशिश की।
सिंह ने कहा, ‘‘जब पुलिस दल ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने भागने का प्रयास किया और गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके पास से दो पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल, एक लूटा हुआ मोबाइल फोन और दो अंगूठियां बरामद कीं।
गोलीबारी के दौरान, एक पुलिस कांस्टेबल (सिपाही) सुमित कुमार को गोली लगी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। कुमार की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द अमित सुरभि
सुरभि