सहारनपुर में फर्नीचर मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सहारनपुर में फर्नीचर मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सहारनपुर (उप्र), 27 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहरादून रोड स्थित फर्नीचर मार्केट के चार शोरूम बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि तीन घंटे की मशक़्क़त के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस के मुताबिक, आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार देखकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दमकल की आठ गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का माल जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना जनकपुरी प्रभारी नेमचंद सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे खानआलमपुरा स्थित गंगा फर्नीचर शोरूम में आग लगी। देखते ही देखते आग ने पास के शक्ति फर्नीचर, अमन फर्नीचर और नमन फर्नीचर के ऊपरी हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि आग और काले धुएं को देखकर पीछे स्थित खानआलमपुरा क्षेत्र के लोग भयभीत हो गए। शोरूम के पीछे रहने वाले लोगों ने अपने रसोई गैस सिलेंडर और कीमती सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया, क्योंकि उन्हें आग के आगे बढ़ने का डर था।
सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछार शुरू की। इस दौरान शोरूम मालिकों ने तुरंत पहुंचकर शटर खोले और ग्राउंड फ्लोर पर रखे तैयार फर्नीचर को सड़क पर निकालना शुरू कर दिया, ताकि आग से उसे बचाया जा सके। बाजार के अन्य दुकानदारों और राहगीरों ने भी सामान बाहर निकालने में मदद की।
थाना प्रभारी के अनुसार, गनीमत रही कि आग चारों शोरूम के ऊपरी हिस्से में लगी, जहां फर्नीचर का निर्माण होता है। नीचे ग्राउंड फ्लोर पर तैयार फर्नीचर के शोरूम हैं। फर्नीचर बनाने में लकड़ी, रेक्सीन, जूट और अन्य केमिकल का इस्तेमाल होता है, जिसके कारण आग तेजी से भड़की।
उन्होंने बताया कि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द मनीषा
मनीषा

Facebook


