देवरिया (उप्र), चार फरवरी (भाषा) देवरिया जिले में कथित रूप से शराब पीने के लिये रुपये नहीं देने पर कुछ युवकों के हमले के शिकार हुए अपने बेटे को बचाने गये एक राजमिस्त्री (मकान बनाने वाले कारीगर) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी।
सूत्रों के अनुसार इस घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है तथा एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूत्रों ने यहां बताया कि मंगलवार रात जिले में मदनपुर थानाक्षेत्र के समोगर गांव में मंदिर के पास कीर्तन-भजन कार्यक्रम चल रहा था, इसी दौरान महंत गोंड़ के बेटे सूरज से कुछ युवकों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे और जब उसने मना कर दिया तब युवक उसके साथ मारपीट करने लगे।
सूत्रों के मुताबिक बेटे को बचाने पहुंचे 55 वर्षीय महंत को भी नशे में धुत युवकों ने पीटना शुरू कर दिया जिससे वह अचेत होकर गिर पड़े।
उन्होंने बताया कि परिजन घायल महंत को इलाज के लिए महेन स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि इसके बाद उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज देवरिया ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महंत गोंड पेशे से राजमिस्त्री थे।
मदनपुर के थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया गांव के युवकों के बीच आपसी विवाद में घटना होने की बात सामने आ रही है, लेकिन तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार