हरदोई में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलटी रोडवेज बस, कई यात्री घायल

Ads

हरदोई में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलटी रोडवेज बस, कई यात्री घायल

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 11:20 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 11:20 PM IST

हरदोई (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) हरदोई जिले के सवायजपुर क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद पलट गई और इस हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, फर्रुखाबाद से हरदोई आ रही रोडवेज बस कन्हारी गांव के पास एक ढाबे के सामने पहुंची ही थी कि चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस पहले ढाबे के बाहर खड़े ट्रक से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे पलट गई।

बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलने पर सवायजपुर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार और रूपापुर चौकी प्रभारी अतुल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

कुमार ने बताया कि बस में कुल 46 यात्री सवार थे। इनमें से कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार करा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम खारी

खारी