उत्तर प्रदेश में नौ औद्योगिक एवं कौशल विकास केंद्र विकसित होंगे

Ads

उत्तर प्रदेश में नौ औद्योगिक एवं कौशल विकास केंद्र विकसित होंगे

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 12:05 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 12:05 AM IST

लखनऊ, 15 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नौ औद्योगिक एवं कौशल विकास केंद्र विकसित किए जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, उद्योग और उद्यमिता से एक ही मंच पर जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र (एसवीपीईआईजेड) परियोजना के तहत नौ क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इनमें गौतमबुद्ध नगर; गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और सहारनपुर मंडल; मुरादाबाद एवं बरेली मंडल; आगरा एवं अलीगढ़ मंडल; लखनऊ एवं अयोध्या मंडल; कानपुर एवं प्रयागराज मंडल; चित्रकूट, झांसी एवं विंध्याचल मंडल; वाराणसी एवं आजमगढ़ मंडल तथा गोरखपुर, बस्ती एवं देवीपाटन मंडल शामिल हैं।

प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्र को वहां की औद्योगिक क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और निवेश की संभावनाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

भाषा सलीम खारी

खारी