मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया
मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया
मेरठ (उप्र), सात अगस्त (भाषा) हरिद्वार से कांवड़ लेकर गाजियाबाद लौट रही एक महिला कावड़िया ने यहां एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। चिकित्सकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चिकित्सकों के अनुसार प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को एंबुलेंस की मदद से पांचली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां सुरक्षित प्रसव कराया गया।
उन्होंने कहा कि महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
गाजियाबाद के कुटी कृष्णा कॉलोनी का निवासी सोनू अपनी पत्नी मनीषा और चार वर्षीय बेटे विनय के साथ 31 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे और जल लेकर लौटते समय बृहस्पतिवार दोपहर परिवार मेरठ-बागपत बाईपास स्थित एक कांवड़ सेवा शिविर में विश्राम के लिए रुका। इसी दौरान मनीषा को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी।
शिविर संचालकों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर मनीषा को पांचली के सीएचसी पहुंचाया, जहां अपराह्न करीब चार बजे उसने एक पुत्र को जन्म दिया।
पांचली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. विशाल अग्रवाल ने बताया कि दोनों की हालत पूरी तरह सामान्य है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुजफ्फरनगर में भी कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसा ही एक मामला सामने आया था जब हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही दिल्ली के भलस्वा क्षेत्र की सात माह की गर्भवती महिला ने जिला अस्पताल में जुड़वां बेटों को जन्म दिया था।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब

Facebook


