गोरखपुर में विश्वस्तरीय खेल परिसर का निर्माण होगा : योगी आदित्यनाथ

Ads

गोरखपुर में विश्वस्तरीय खेल परिसर का निर्माण होगा : योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 06:06 PM IST

गोरखपुर, 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को घोषणा की कि गोरखपुर में विश्वस्तरीय खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को गोरखपुर में 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि स्टेडियम से सटी 60 एकड़ भूमि पर विश्वस्तरीय खेल परिसर भी विकसित किया जाएगा।

ताल नदोर क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 46 एकड़ क्षेत्र में 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा, जबकि 60 एकड़ में बनने वाले खेल परिसर में सभी प्रकार के इंडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा हॉकी जैसे आउटडोर खेलों की भी व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत द्वारा बोली लगाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत की वैश्विक भागीदारी को बढ़ा रहे हैं और भारतीय खिलाड़ियों को अपने ही देश में प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

आदित्यनाथ ने कहा, “राष्ट्रमंडल खेल 2030 में अहमदाबाद में आयोजित होंगे और भारत ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी बोली लगाई है। इन आयोजनों से देश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि स्टेडियम और खेल परिसर (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) के निर्माण से क्षेत्र में होटल, रेस्तरां और बाजारों का विकास होगा, जिससे रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ वर्ष पहले ताल नदोर की जमीन बंजर और अतिक्रमण से ग्रस्त थी। अब सरकार ने उसे अतिक्रमण मुक्त कर युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए उपयोग में लाने का निर्णय लिया है। इसी क्षेत्र में पशु चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जा रहा है।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 550 पदक विजेताओं को उत्तर प्रदेश में सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेताओं के लिए 500 और नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है।

आदित्यनाथ ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और सांसद खेल प्रतियोगिताओं जैसी पहलों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। सरकार गांवों में खेलों के मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तर पर स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनकर तैयार है और उसका उद्घाटन इसी सत्र में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की सराहना करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद उनके मार्गदर्शन में तेल कंपनियों ने आम जनता को राहत पहुंचाने का कार्य किया है।

भाषा

आनन्द रवि कांत