गोरखपुर (उप्र), 25 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौष्टिक भोजन की अहमियत पर जोर देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि स्वस्थ और अच्छी तरह से पोषित बच्चे ही एक समृद्ध राष्ट्र की नींव होते हैं।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता और साफ़-सफाई अच्छी सेहत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं और घर तथा सार्वजनिक स्थानों पर भी इन पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ”लोग अक्सर जो कुछ भी मिलता है वही खा लेते हैं लेकिन यह भी देखना जरूरी है कि भोजन सेहत के लिए लाभदायक है या हानिकारक। साफ-सुथरे भोजन से शरीर स्वस्थ बनाता है और स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन का निर्माण होता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बच्चों को सही पोषण मिलना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा संचालित एक केन्द्रीकृत रसोई से शुरुआत में प्रतिदिन लगभग 50 हजार बच्चों को गर्म भोजन मिलेगा और भविष्य में यह संख्या बढ़कर एक लाख तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को एक स्वस्थ और समृद्ध समाज की नींव बताते हुए कहा कि किसी देश का भविष्य वहां दी जाने वाली शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर करता है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब