गोरखपुर (उप्र), 30 जून (भाषा) गोरखपुर जिले के पिपराइच थाने में तैनात एक सिपाही को पारिवारिक झगड़े के एक मामले में थाने लाये गए एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात मुगलपुरा इलाके में अब्दुल रहीम नामक व्यक्ति का शराब पीने के दौरान अपने जीजा शाहरुख के साथ विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि बात बढ़ने पर शाहरुख ने इमरजेंसी हेल्पलाइन पर कॉल किया और पुलिस की एक टीम दोनों को अपने साथ थाने ले आई।
सूत्रों के मुताबिक परिजन का आरोप है कि थाने ले जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने रहीम और शाहरुख की पिटाई की। उन्होंने बताया कि इस दौरान रहीम को गंभीर चोटें आईं और हालत बिगड़ने पर उसे घर भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार परिजन का कहना है कि रहीम को गंभीर हालत में मंगलवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत के चलते उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शाहरुख का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
चौरी-चौरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह ने बताया कि घटना की जांच में पता चला कि थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल अजय कुमार यादव ने रहीम और शाहरुख को समझाने के दौरान बात बिगड़ने पर उनसे मारपीट की और इस दौरान उसका रवैया गलत पाया गया।
उन्होंने बताया, ‘कॉन्स्टेबल अजय कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करके उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।’
भाषा सं सलीम अमित
अमित