बुलंदशहर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सिकंदराबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात गुलावठी थाने से पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गुलावठी में दर्ज एक मामले में वांछित अभियुक्त आमिर, नत्थूगड़ी गेट के पास मोटरसाइकिल लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल नत्थूगड़ी गेट के पास पहुंची।
आरोपी गुलावठी थाना क्षेत्र के फजरुल्ला मोहल्ले का निवासी है।
अधिकारी ने बताया कि बदमाश ने पुलिस को आता देख तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। रास्ता आगे से बंद होने और अपने आप को पुलिस टीम से घिरा देखकर बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। बदमाश पर 16 जुलाई को गुलावठी थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा गुलावठी में छह साल की बच्ची का अपहरण कर उससे दुष्कर्म का आरोप है।
भाषा सं जफर वैभव सुरभि
सुरभि