मुजफ्फरपुर में कई आपराधिक मामलों के आरोपी की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर में कई आपराधिक मामलों के आरोपी की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर में कई आपराधिक मामलों के आरोपी की गोली मारकर हत्या
Modified Date: June 1, 2026 / 10:22 am IST
Published Date: June 1, 2026 10:22 am IST

मुजफ्फरपुर, एक जून (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कई आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति की अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार यह घटना रविवार रात मुजफ्फरपुर के अमर सिनेमा रोड स्थित ‘आइकॉन टावर्स अपार्टमेंट’ के भूमिगत तल में हुई। मृतक की पहचान गोविंद शर्मा के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर उसी अपार्टमेंट में किराये पर रहता था।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतिश कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘यह घटना रविवार रात करीब पौने 10 बजे से 10 बजे के बीच की है। उस समय शर्मा अपार्टमेंट के भूमिगत तल में मौजूद था। घटनास्थल से पांच कारतूस और छह खोखे बरामद किए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

मिश्रा ने कहा, ‘‘शर्मा के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें दो हत्या के मामले भी शामिल हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का इस हत्या से कोई संबंध है या नहीं।’’

पुलिस के अनुसार, गोविंद शर्मा मुजफ्फरपुर के पूर्व महापौर समीर कुमार और प्रॉपर्टी कारोबारी आशुतोष साहू की हत्या के मामलों में प्रमुख आरोपियों में शामिल था।

एसएसपी ने बताया कि शर्मा के नाम से पंजीकृत दो वाहन भी उसी भूमिगत तल में खड़े मिले, जहां उसका शव बरामद किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

मिश्रा ने कहा कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

भाषा कैलाश

खारी

खारी


लेखक के बारे में