वाराणसी (उप्र), छह अप्रैल (भाषा) वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में स्थित नगर निगम की एक गौशाला में एक कुत्ते द्वारा गौवंश के शव को नोंचने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए।
घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने और गौशाला में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एढे गांव स्थित एक गौशाला में हुई।
उन्होंने वीडियो को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया और कहा कि गौशाला में किसी अन्य गोवंश से लड़ाई के बाद उसकी मौत हो गई।
श्रीवास्तव ने बताया कि एक कुत्ता गेट से परिसर में दाखिल हो गया और शव को नोंचता हुआ देखा गया।
उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद, नगर आयुक्त ने जिम्मेदार कर्मचारियों को दंडित करने और गौशाला में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने सहित सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई जारी है।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज