युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार होगी प्रदेश की एकीकृत युवा नीति: मुख्यमंत्री

Ads

युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार होगी प्रदेश की एकीकृत युवा नीति: मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 05:44 PM IST

लखनऊ, छह अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की एकीकृत युवा नीति को सूबे के युवाओं की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा है कि युवा नीति तैयार करने से पहले प्रदेश के 16 से 35 वर्ष के युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को समझा जाएगा और उसके बाद ही नीति को आकार दिया जाएगा।

आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की युवा नीति शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वास्थ्य और नेतृत्व विकास को एकीकृत करेगी।

बयान के मुताबिक, आदित्यनाथ ने युवाओं के समग्र विकास की निगरानी के लिए विशेषज्ञों का स्वतंत्र आयोग बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए ‘सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक एवं रोजगार जोन’ की स्थापना शीघ्र प्रारम्भ करने के भी निर्देश दिये।

आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को और प्रभावी बनाने तथा हर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय तक इसके विस्तार पर विचार करने को भी कहा।

भाषा सलीम संतोष

संतोष