मऊ में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद राजमार्ग पर बवाल, पुलिस पर पथराव

Ads

मऊ में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद राजमार्ग पर बवाल, पुलिस पर पथराव

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 09:37 PM IST

मऊ (उप्र), 20 जून (भाषा) मऊ जिले में वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस द्वारा शव हटाने के प्रयास पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पथराव शुरू हो गया। ग्रामीण लंबे समय से यहां अंडरपास की मांग कर रहे हैं और इसी उपेक्षा को हादसे की वजह बता रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल बाजार की है, जहां शाम करीब पांच बजे शांति देवी (60) सड़क पार कर रही थीं। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शनिवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण शांति देवी डिवाइडर काटकर बनाए गए अस्थायी रास्ते से सड़क पार कर रही थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने शव राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और करीब डेढ़ घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह बाधित रखा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेते समय कुछ अराजक तत्वों ने परिजनों को भड़काकर राजमार्ग जाम करने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि रास्ता अवरुद्ध करने पर आमादा लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा।

कुमार ने बताया कि स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिढवल बाजार में सड़क दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। बाजार के दोनों ओर आबादी होने से लोगों को राजमार्ग पार करना पड़ता है। सुविधा के अभाव में ग्रामीणों ने डिवाइडर काटकर रास्ता बना लिया था, जिसका वर्षों से उपयोग हो रहा था।

ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरपास या फुटओवर ब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन विभागों ने अनसुना कर दिया। उनका कहना है कि सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था होती तो महिला की जान नहीं जाती।

एएसपी अनूप कुमार ने कहा कि दुर्घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। साथ ही राजमार्ग जाम करने, अराजकता फैलाने, पुलिस पर पथराव करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

भाषा सं आनन्द शफीक

शफीक