ओम प्रकाश राजभर के सपा में विभाजन के दावे पर सियासी घमासान, अखिलेश यादव का पलटवार

Ads

ओम प्रकाश राजभर के सपा में विभाजन के दावे पर सियासी घमासान, अखिलेश यादव का पलटवार

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 02:19 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 02:19 PM IST

लखनऊ, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) में विभाजन को लेकर दिए गए बयान के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी नेताओं ने उनके दावे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

राजभर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया कि सपा के “बागी सांसदों” का एक समूह पार्टी से अलग होने की तैयारी कर रहा है और इसका नेतृत्व “बलिया के बेटे” द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा कार्यालय में हालिया एक सम्मेलन के दौरान ब्राह्मणों का अपमान किया गया, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष और बढ़ा है।

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि “सपा में टूट होना तय है” और अखिलेश यादव को “ट्विटर और प्रेस कॉन्फ्रेंस की राजनीति छोड़कर अपने सांसदों को बचाने पर ध्यान देना चाहिए।”

राजभर ने यह भी दावा किया कि पार्टी में असंतुष्ट सांसदों की एक बड़ी संख्या भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रही है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम स्पष्ट नहीं किया, लेकिन उनकी टिप्पणी सपा सांसद सनातन पांडे की ओर संकेत मानी जा रही है।

इन आरोपों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर को “अफवाह फैलाने वाला मंत्री” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर को टिकट, ट्रांसफर और अनुबंध के नाम पर लेन-देन करने वालों द्वारा ढूंढा जा रहा है।

अखिलेश यादव ने यह भी कटाक्ष किया कि जो लोग भाजपा से “30 सीटों” का दावा कर रहे थे, वे अब खुद राजनीतिक असमंजस में हैं क्योंकि उन्हें जीतने योग्य सीट भी नहीं मिल रही।

इसके बाद राजभर ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि खनन और गोमती रिवरफ्रंट से जुड़े मामलों की जानकारी सपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ उन्हें भी है। उन्होंने कहा कि उनके पास “फाइलों का पूरा पुलिंदा” मौजूद है और समय आने पर सब सामने लाया जाएगा।

राजभर ने यह भी दावा किया कि हालिया बयानबाज़ी के बाद सपा नेतृत्व घबरा गया है।

इस बयानबाज़ी के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दावा किया था कि सपा के कई सांसद पार्टी छोड़ने की स्थिति में हैं, हालांकि भाजपा द्वारा किसी तरह की दलबदल की कोशिश से इनकार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में सपा के वर्तमान में 37 लोकसभा सांसद हैं। वहीं, ओम प्रकाश राजभर योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और उनके पास पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, हज और वक्फ विभाग हैं।

भाषा जफर

मनीषा रंजन

रंजन