शाहजहांपुर (उप्र), एक मई (भाषा) जिले के निगोही थाना क्षेत्र के एक गांव में संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि थाना निगोही के कटिया उस्मानपुर गांव में बृहस्पतिवार रात किसी ने आंबेडकर की प्रतिमा का हाथ तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला जब ग्रामीणों ने प्रतिमा को देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें गांव के ही एक व्यक्ति पर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती कार्यक्रम को लेकर भी उसी व्यक्ति ने विरोध किया था।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है और एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा