सपा प्रवक्ता भाटी के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज

सपा प्रवक्ता भाटी के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज

सपा प्रवक्ता भाटी के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: May 19, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: May 19, 2026 2:58 pm IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 19 मई (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता राज कुमार भाटी के खिलाफ कथित तौर पर एक जाति विशेष पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इससे पहले पिछले मंगलवार को भी भाटी के खिलाफ गाजियाबाद जिले के कविनगर इलाके में ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्‍तिजनक टिप्‍पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस बार उनके खिलाफ जाट महासभा के प्रदर्शन के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने यहां पत्रकारों को बताया कि जसवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने भाटी के खिलाफ भारतीय न्‍याय संहिता की धारा 356 (आपराधिक मानहानि) और 196 (धर्म, नस्‍ल, जाति के आधार पर वैमनस्‍यता को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, जाट महासभा समेत कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और एसएसपी मुजफ्फरनगर को शिकायत देकर राजकुमार भाटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। यह शिकायत दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हुई एक बैठक में की गई टिप्पणियों को लेकर दी गई थी।

इसके पहले 12 मई को गाजियाबाद जिले की कविनगर थाना पुलिस ने भाटी के खिलाफ कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के अनुसार, यह प्राथमिकी भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. अजय शर्मा की शिकायत पर कविनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) (धर्म या अन्य आधारों पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत दर्ज की गई है।

शिकायत में शर्मा ने भाटी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाषा सं आनन्‍द मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में