बुलंदशहर (उप्र), आठ जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी योगेश राज को विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार के रूप में दिखाने वाले बैनर और होर्डिंग पूरे क्षेत्र में लगाये गये हैं ।
दिसंबर 2018 में कथित गोहत्या की अफवाह पर हुई हिंसा में स्याना थाने के तत्कालीन प्रभारी सुबोध कुमार सिंह और सुमित नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में जिला पंचायत सदस्य योगेश को मुख्य आरोपी बनाया गया था। सितंबर 2019 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आरोपी को जमानत दे दी थी।
हालांकि, इस साल 3 जनवरी को उच्चतम न्यायालय ने जमानत रद्द कर दी और योगेश को एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया।
शुक्रवार को योगेश ने अतिरिक्त जिला न्यायाधीश 12 की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।
पूरे विधानसभा क्षेत्र में कुछ ही घंटों के भीतर बैनर और होर्डिंग लग गए हैं, जिसमें योगेश को एक उम्मीदवार के तौर चित्रित किया गया है। साथ ही उसने उसमें लोगों को मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। भाषा रंजन दिलीप
दिलीप