रामपुर, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि राम भक्तों पर ‘‘गोली और लाठी’’ चलाने वाले तथा भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाले ही आज आस्था की वकालत करते नजर आ रहे हैं।
आदित्यनाथ ने रामपुर में 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज अयोध्या त्रेता युग की याद दिला रही है।
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज राम की भक्ति की वकालत कौन कर रहा है? भगवान राम की भक्ति की दुहाई कौन दे रहा है? 2017 से पहले ‘जय श्रीराम’ बोलने पर लाठियां बरसाई जाती थीं। जब उत्तर प्रदेश में राम भक्त कहते थे कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, तब उन्हीं राम भक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं। आज वही लोग आस्था की वकालत करते दिखाई दे रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय जनता को देते हुए कहा, ‘‘यह आपकी ताकत है कि उन्हें आपके पीछे-पीछे आने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। अब उन्हें अपने पाप और अपने कर्मों पर पश्चाताप होता होगा। अब उन्हें एहसास हो रहा होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जो कांग्रेस 2017 से पहले भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व को नकार चुकी थी, आज वही कह रही है कि राम तो सबके हैं। अब सभी अयोध्या जाने के लिए व्याकुल हैं, लेकिन प्रभु श्रीराम जगत के नियंता हैं। वे भी जानते हैं कि सही कौन है और गलत कौन।’’
आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों की तुलना ‘कालनेमी’ के छल-कपट से करते हुए कहा कि जनता इनके झूठ व दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व सपा का शासनकाल अन्याय व अराजकता का प्रतीक रहा है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘2017 से पहले का रामपुर और उसके बाद का रामपुर आपके सामने है। एक समय यहां गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे। वाल्मीकि समाज को उनकी जमीनों से वंचित कर दिया जाता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब सत्ता निरंकुश हो जाती है, तो वह अन्याय का पर्याय बन जाती है। समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां दलितों और गरीबों की आवाज को उसी अन्यायी सत्ता ने दबाने का काम किया था।’’
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, ‘‘रामपुर से निकला संदेश पूरे प्रदेश में गया। सपा की निरंकुश सत्ता को बदलने का परिणाम है कि आज रामपुर की नयी पहचान बनी है और वह विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जो विकास योजनाएं पहले असंभव लगती थीं, वे आज डबल इंजन सरकार के कारण संभव हुई हैं। उत्तर प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया और यही विश्वास विकास की सबसे बड़ी आधारशिला बना।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकल चुका है। आज प्रदेश भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में उसका नाम शामिल है।’’
आदित्यनाथ ने बिना किसी का नाम लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘2017 से पहले जब भी सरकारी नौकरियों का कोई विज्ञापन निकलता था, तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली में लग जाती थी। न्यायालय को हस्तक्षेप कर उस प्रक्रिया पर रोक लगानी पड़ती थी। उस समय विकास केवल दो परिवारों का होता था-एक सैफई परिवार का और दूसरा रामपुर के एक परिवार का, जिन्होंने जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिस उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हमारी सांस्कृतिक विरासत का अपमान होता था, जहां कहा जाता था कि कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देंगे और हर उत्सव से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, वहीं आज कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह और भव्यता के साथ निकलती है। दुर्गा पूजा और दीपावली के आयोजन भी पूरे गौरव के साथ होते हैं और कहीं कोई रोक-टोक नहीं है। समाजवादी पार्टी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन पर भी रोक लगाई थी, जिसे हमारी सरकार ने समाप्त किया।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ डबल इंजन की सरकार तुष्टीकरण के बजाय आमजन के संतुष्टिकरण पर विश्वास करती है।
आदित्यनाथ ने कहा कि “रामपुर के प्रसिद्ध चाकू का दुरुपयोग समाजवादी पार्टी जनता की जमीनों पर कब्जा करने और उन्हें प्रताड़ित करने में करती थी, लेकिन डबल इंजन सरकार में यही चाकू जनता की सुरक्षा में काम आ रहा है।”
रामपुरी चाकू एक फोल्डिंग पॉकेट या स्विचब्लेड चाकू है, जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के रामपुर शहर में हुई थी। यह अपनी स्थानीय कारीगरी और 1970 और 80 के दशक की हिंदी फिल्मों की वजह से अपनी खास पहचान के लिए बहुत मशहूर है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधायक राजबाला सिंह, आकाश सक्सेना, शफीक अहमद अंसारी, विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह, हरि सिंह ढिल्लों सहित कई जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
भाषा
आनन्द रवि कांत