बरेली (उप्र), 21 मार्च (भाषा) जिले के सिरौली-अलीगंज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई जो ईद पर अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। वहीं, हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सिरौली थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि यह हादसा शनिवार को उमंग पेट्रोल पंप के पास हुआ। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने आगे चल रही दूसरी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मोटरसाइकिल सवार युवक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान गुलफाम (20) की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक, खैलम देहजागीर निवासी गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी (18) के साथ ईद की नमाज अदा करने के बाद अलीगंज की ओर अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार भूपेंद्र नामक व्यक्ति भी वजीरगंज की ओर जा रहा था, तभी दुर्घटना हुई। घायल नूर हसन अंसारी और भूपेंद्र की हालत गंभीर है।
भाषा सं राजेंद्र सुरभि
सुरभि