बरेली, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर मंगलवार को एक महिला ने आत्मदाह का कथित तौर पर प्रयास किया हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली मीना ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायतों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे नाराज होकर उसने एसएसपी कार्यालय के बाहर अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष शिवम ने बताया कि महिला ने जैसे ही अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया।
उन्होंने बताया, ‘‘महिला की काउंसलिंग की जा रही है। कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।’’
महिला ने आरोप लगाया कि वह अपनी शिकायतों पर कार्रवाई के लिए लगातार पुलिस और अन्य अधिकारियों के पास जा रही थी लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
महिला ने कहा कि इससे पहले उसके बेटे पर हमला हुआ था लेकिन आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद महिला को पूछताछ के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा के कार्यालय ले जाया गया हालांकि बाद में उसे महिला थाने भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक वर्मा ने बताया कि महिला के आरोपों और शिकायतों की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद एसएसपी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र