उप्र: बरेली में डीसीएम से टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत

Ads

उप्र: बरेली में डीसीएम से टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 08:22 PM IST

बरेली, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बरेली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर अपने आगे चल रहे एक डीसीएम (मालवाहक ट्रक) से टकरा गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान रजऊ परसपुर निवासी अमित सक्सेना (27) और बबलू (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि घायल सीमा (22), अमित की पत्नी हैं और तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरेली के एक निजी अस्पताल जा रहे थे।

परिजनों के अनुसार, अमित की बुआ को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वे उन्हें देखने के लिए तीनों घर से निकले थे लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित और बबलू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजनों ने बताया कि अमित सक्सेना और बबलू हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते थे और कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र