बरेली, 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश के बीच एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने भाई की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बहेड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव की निवासी श्रीमती फैजी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात करीब 10:30 बजे उनके देवर गुड्डू उर्फ तौफीक ने उनके पति इसरार के साथ गाली-गलौज की और बाद में गांव में उन्हें गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल इसरार को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सीओ ने बताया कि शेरगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिजनों का आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर आरोपी की मृतक से लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
मृतक के पिता लल्ला खां उर्फ लतीफ खां और भाई इकरार के अनुसार, आरोपी तौफीक उर्फ गुड्डू शेरगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ करीब 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वह एक वर्ष पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद जेल भी जा चुका है।
सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर उसकी तलाश की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत