फर्जी मुठभेड़ करा रही भाजपा सरकार, फिर भी कानून-व्यवस्था में नहीं हो रहा सुधार: अखिलेश यादव

Ads

फर्जी मुठभेड़ करा रही भाजपा सरकार, फिर भी कानून-व्यवस्था में नहीं हो रहा सुधार: अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - October 14, 2025 / 08:23 PM IST,
    Updated On - October 14, 2025 / 08:23 PM IST

लखनऊ, 14 अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि राज्य की भाजपा सरकार तमाम फर्जी मुठभेड़ करा रही है, फिर भी कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा।

सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं व नेताओं को संबोधित करते हुए यादव ने यह बात कही।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “कानून व्यवस्था में सुधार मुठभेड़ से नहीं, अच्छे अधिकारियों को तैनाती से होता है।”

उन्होंने कहा, “राज्य की भाजपा सरकार तमाम फर्जी मुठभेड़ करा रही है, फिर भी कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा।”

यादव ने सवाल किया कि जब सरकार जातीय आधार पर कुछेक जाति के अधिकारियों को ही तैनाती करेगी तो कानून व्यवस्था में कैसे सुधार होगा?

उन्होंने कहा, “इस सरकार में महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में हर दिन बलात्कार, हत्या, लूट की घटनाएं हो रही हैं।”

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जातीय उत्पीड़न व भेदभाव चरम पर है और वह भाजपा बहुत बड़ी जातिवादी पार्टी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध और दलितों का उत्पीड़न चरम पर है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसी को न्याय नहीं मिल सकता, ऐसे में उत्तर प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा सरकार को हटाना आवश्यक है। भाषा आनन्द जोहेब

जोहेब