भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही, 2027 में भारी कीमत चुकाएगी : अखिलेश

भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही, 2027 में भारी कीमत चुकाएगी : अखिलेश

भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही, 2027 में भारी कीमत चुकाएगी : अखिलेश
Modified Date: June 18, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: June 18, 2026 7:09 pm IST

लखनऊ, 18 जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली ताकत है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनावों में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

सपा की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अखिलेश ने लखनऊ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की जनता सतर्क है और भाजपा का कोई छल, बल और चाल कामयाब नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के “झूठ और लूट” को समझ चुकी है।

अखिलेश ने कहा, “प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कन्नौज, कौशांबी, प्रतापगढ़, गाजीपुर, हाथरस, कानपुर समेत तमाम जिलों में बच्चियों की निर्मम हत्याएं हुई हैं। पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। भाजपा सरकार में दोषियों को बचाया जाता है और निर्दोषों के साथ अत्याचार होते हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सपा सरकार में महिला सुरक्षा के लिए बनाई गई 1090 सेवा को निष्क्रिय कर दिया।

अखिलेश ने कहा, “भाजपा सरकार में फर्जी मुठभेड़ का डंका पीटा जा रहा है। लेकिन फर्जी मुठभेड़ से कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हो सकता है।”

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। हर काम, हर विभाग में भ्रष्टाचार है। सरकारी धन की लूट हो रही है। जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। भू-माफियाओं को भाजपा सरकार का संरक्षण हासिल है। भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।”

भाषा

राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में