सुलतानपुर (उप्र), 21 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की युवा शाखा द्वारा ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में ‘कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन’ के खिलाफ शनिवार को यहां प्रदर्शन किया। भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह ने बताया कि सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर अपना गुस्सा जाहिर किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के बाद, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि एआई समिट घटना के पीछे के मुख्य सूत्रधारों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित ‘भारत मंडपम’ में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक