हाथरस में घर में अकेले रह रहे वृद्ध का खून से लथपथ शव मिला, हत्या की आशंका

Ads

हाथरस में घर में अकेले रह रहे वृद्ध का खून से लथपथ शव मिला, हत्या की आशंका

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 12:46 PM IST

हाथरस (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में मंगलवार सुबह एक वृद्ध व्यक्ति का खून से लथपथ शव उनके ही घर में चारपाई पर पड़ा मिला।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस के अनुसार, गांव पहाड़पुर निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा (75) अपने घर में अकेले रहते थे। सोमवार रात वह घर में सोए थे, लेकिन मंगलवार सुबह उनका लहुलुहान शव चारपाई पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ जे.एन. अस्थाना और अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि वृद्ध के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह ने बताया कि जगदीश प्रसाद शर्मा स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त थे और कोरोना काल में उनकी पत्नी का निधन हो गया था। वह अकेले रहते थे और उनके पास लगभग 20 से 25 बीघा जमीन थी। साथ ही वह ब्याज पर पैसे देने का भी काम करते थे।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा