हाथरस (उप्र), 18 जून (भाषा) हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला भूरा में एक मकान में एक युवक द्वारा महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गांव नगला भूरा में विपिन कुमार अपनी पत्नी प्रियंका (24) और करीब डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ रहता हैं। गांव का ही रहने वाला प्रकाश (26) बृहस्पतिवार की शाम कुमार के मकान में जा पहुंचा जहां किसी बात को लेकर उसने प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक, विपिन जब शाम को घर पहुंचा तो काफी देर दरवाजा खटखटाने पर उसकी बेटी ने दरवाजा खोला। तब उसने देखा कि जमीन पर प्रियंका मृत अवस्था में पड़ी है और युवक फंदे से लटका हुआ था।
मामले की जानकारी होने पर मौके पर गांव वालों की भीड़ जमा गई और पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
विपिन कुमार ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो दोनों मृत अवस्था में पड़े हुए थे।
क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर ने बताया कि मौके पर युवती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। वहीं एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
माथुर ने कहा कि पहली नजर में यह हत्या और खुदकुशी का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित कराए गए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
माथुर ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध को लेकर भी जांच की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक