अलीगढ़ में निर्माणाधीन घर में मिला कारोबारी का शव, दो लोग हिरासत में लिये गये

Ads

अलीगढ़ में निर्माणाधीन घर में मिला कारोबारी का शव, दो लोग हिरासत में लिये गये

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 01:16 AM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 01:16 AM IST

अलीगढ़ (उप्र), 21 अप्रैल (भाषा) अलीगढ़ जिले के क्वार्सी क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक गांव में एक निर्माणाधीन घर से एक स्थानीय कारोबारी का शव बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मृतक की पहचान पेट्रोल पम्प मालिक नरोत्तम सिंह के रूप में हुई है और उनका शव क्वार्सी थाना क्षेत्र में उनके पेट्रोल पम्प के नजदीक चिलकोर्रा गांव में एक निर्माणाधीन मकान में मिला था।

सिंह के परिजन के मुताबिक उन्हें आखिरी बार सुबह के समय देखा गया था, जब वह अपने एक करीबी जान-पहचान वाले और पड़ोसी कन्हैया के साथ दोपहिया वाहन पर घर से निकले थे लेकिन जब दोपहर तक वह वापस नहीं लौटे तो उनके परिजन ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन स्विच आफ मिला।

परिजन के मुताबिक उन्होंने सिंह की तलाश शुरू की और बाद में शाम को उनका शव एक निर्माणाधीन घर के अंदर मिला जो कथित तौर पर कन्हैया का था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना की खबर फैलने पर मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि कन्हैया के दो भाइयों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंह के शव के पास से एक चाकू बरामद किया गया है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि उसका इस्तेमाल सिंह का गला काटने के लिए किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पूरे जिले में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि सिंह का बेटा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की जिला इकाई का एक वरिष्ठ नेता है।

भाषा सं. सलीम रंजन

रंजन