अलीगढ़ में ट्रक ने खड़े लोगों को मारी टक्कर, पुलिस उपनिरीक्षक समेत तीन की मौत

Ads

अलीगढ़ में ट्रक ने खड़े लोगों को मारी टक्कर, पुलिस उपनिरीक्षक समेत तीन की मौत

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 06:49 PM IST

अलीगढ़ (उप्र), 17 अगस्त (भाषा) अलीगढ़ में मडराक टाउनशिप में सोमवार को सड़क किनारे एक विक्रेता के पास खड़े लोगों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एक पुलिस उप-निरीक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना दोपहर में अलीगढ़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर अलीगढ़-हाथरस रोड पर हुई, जब ट्रक चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन से सड़क के किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, मारे गए लोगों में मडराक पुलिस थाने में तैनात उप-निरीक्षक श्रवण कुमार (55) और एक दंपति, वीरपाल (53) और रामकली (51) शामिल थे, जो सड़क किनारे एक विक्रेता से खरीदारी करने के लिए रुके थे।

पुलिस ने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे खड़े अन्य लोग बाल-बाल बच गये।

पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस उन परिस्थितियों की जांच कर रही है जिसके कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।

पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं जफर अमित

अमित