एएमयू के स्‍नातक छात्र ने आत्महत्या की, सुसाइड नोट बरामद

Ads

एएमयू के स्‍नातक छात्र ने आत्महत्या की, सुसाइड नोट बरामद

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 04:16 PM IST

अलीगढ़ (उप्र), 29 अगस्त (भाषा) अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में स्नातक के एक छात्र ने कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि पिछले चार सप्ताह में विश्वविद्यालय के छात्र से जुड़ा आत्महत्या का यह दूसरा मामला है।

एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान ने बताया कि मृतक की पहचान विदेशी भाषा (फ्रेंच) में बीए (ऑनर्स) द्वितीय वर्ष के छात्र कृष्णा शर्मा (22) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह विश्वविद्यालय परिसर के पास सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित अपने किराए के कमरे में शुक्रवार को मृत पाया गया।

प्रॉक्टर ने बताया कि छात्र जम्मू-कश्मीर का रहने वाला था और करीब चार दिन पहले ही अपने घर से लौटा था। उन्होंने पीड़ित के साथ उसके कमरे में रहने वाले छात्रों के हवाले से बताया कि घर से लौटने के बाद से वह परेशान लग रहा था।

प्रॉक्टर ने कहा कि पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। उन्होंने कहा, ‘‘सुसाइड नोट में क्या लिखा है इसका खुलासा नहीं करना चाहूंगा, लेकिन इसका विश्वविद्यालय से कोई संबंध नहीं है।’’

उन्होंने बताया कि छात्रों में तनाव या परेशानी के लक्षण दिखने पर विश्वविद्यालय की प्रशिक्षित टीम मदद के लिए मौजूद है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है और उसे अपनी असफलता का दुख था। उसने बताया कि मृतक के परिजन अलीगढ़ पहुंच गए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

भाषा सं आनन्द शुभम

संतोष

संतोष