बिजनौर (उप्र), 27 जून (भाषा) बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के घर की छत पर सो रहे एक युवक की उसके जीजा ने चाकू से हमला करके हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नजीबाबाद की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आकांक्षा गौतम ने बताया कि गांव भनेडा निवासी सचिन (25) शनिवार तड़के घर की छत पर सो रहा था तभी उसका बहनोई शीलगंगे उर्फ शिवगंगे छत पर पहुंचा और सचिन पर चाकू से कई वार कर दिए।
हमले में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि वारदात के बाद परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवगंगे घरजमाई था और उसकी पत्नी बिजनौर की एक धागा फैक्टरी में नौकरी करती थी।
शिवगंगे पत्नी के नौकरी करने का विरोध करता था, जबकि साला सचिन अपनी बहन की नौकरी के पक्ष में था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष