ठाणे, 11 सितंबर (भाषा) ठाणे जिला परिषद के शिक्षा विभाग ने मीरा रोड स्थित एक स्कूल को जैन समुदाय के ‘पर्युषण पर्व’ के मद्देनजर विद्यार्थियों को टिफिन में प्याज, लहसुन आदि न लाने की सलाह देने वाला परिपत्र जारी करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के मालिकाना हक वाले ‘सेवन स्क्वायर स्कूल’ ने यह परिपत्र जारी किया था। राजनीतिक दलों के कड़े विरोध के बाद स्कूल को इसे वापस लेना पड़ा।
विरोध करने वाले राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया कि धर्म की आड़ में विद्यार्थियों के खान-पान की आदतों में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया गया था।
ठाणे जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षा अधिकारी देवीदास महाजन ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की शिकायत पर यह कारण बताओ नोटिस जारी किया।
विभाग ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को दो दिनों के भीतर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
भाषा सुमित राजकुमार
राजकुमार