मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने मुंबई तट के निकट डीजल तस्करी में शामिल होने के संदेह में एक जहाज को रोका और वहां से नकदी और अवैध शराब बरामद की है। समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अपतटीय तेल रिग के पास अनाधिकृत गतिविधियों के संबंध में 10 सितंबर को दोपहर 2:10 बजे मिली खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, तटरक्षक बल ने अपने उन्नत अपतटीय गश्ती जहाज को उस स्थान की ओर रवाना किया।
तटरक्षक बल ने कहा, ‘आईसीजी ने रात के अंधेरे में संदिग्ध जहाज को रोका और उस पर सवार हो गए। नाव की गहन तलाशी लेने पर अवैध शराब और छिपाकर रखी गई लगभग 10 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद हुई।’
विज्ञप्ति के अनुसार, जहाज को उसके चालक दल के छह सदस्यों के साथ मुंबई बंदरगाह लाया गया। इस संदिग्ध तस्करी अभियान के पीछे के नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कई एजेंसियां मिलकर संयुक्त जांच कर रही हैं।
भाषा
सुमित देवेंद्र
देवेंद्र