गणेश चतुर्थी पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

Ads

गणेश चतुर्थी पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 10:44 AM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 10:44 AM IST

लखनऊ, 14 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, सामाजिक एकता एवं राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को सुदृढ़ करने वाले महापर्व गणेश चतुर्थी की आप सभी को कोटि-कोटि मंगलकामनाएं।’

उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के ज्ञान, विवेक और कर्म की भावना सृजन तथा निर्माण के स्वरूप भगवान विश्वकर्मा के पूजन में दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने इसी पोस्ट में आगे कहा कि 17 सितंबर को जब सृष्टि के प्रथम अभियंता भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया जाएगा, तब कौशल एवं तकनीक के संगम से नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प और पुष्ट होगा।

मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ शीर्षक से प्रदेशवासियों के नाम लिखे गए एक खुले पत्र में भी गणेश चतुर्थी के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान का जिक्र करते इसे सिर्फ विचार नहीं बल्कि उसे कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया। योगी ने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों का सम्मान बढ़ेगा और युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नयी रफ्तार मिलेगी।

प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक के अलावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी है।

भाषा सलीम रंजन

रंजन