मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया

Ads

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 08:34 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 08:34 PM IST

लखनऊ, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधान भवन में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य और विधान भवन के भूतल पर स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो सहित अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया।

विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर की आकृति पर आधारित एक मॉडल का अवलोकन किया, जिसमें उत्तर प्रदेश के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों से संबंधित चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।

उन्होंने प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी देखी।

योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का निरीक्षण किया और विधानसभा कक्ष में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

गौरतलब है कि सोमवार से उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों-विधानसभा और विधान परिषद का मानसून सत्र शुरू होगा।

विधानसभा पहुंचने पर सदन के अध्यक्ष सतीश महाना ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

भाषा

आनन्द रवि कांत