चंद्रपुर। Crime News: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के कथित दुरुपयोग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पड़ोसी पर आरोप लगाया है कि उसने महिला की आवाज की नकल कर खुद को सरकारी अधिकारी बताया और अंधविश्वास का सहारा लेकर उसे मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है।
Crime News: पुलिस के अनुसार, घटना चिमूर तहसील के नेरी गांव की है। पीड़िता का कहना है कि मई 2026 में उसके पति के मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से कई कॉल आए। फोन करने वाली ने खुद को पुणे स्थित एक सरकारी कार्यालय की अधिकारी बताते हुए पहले सामान्य बातचीत की और फिर ज्योतिष, कुंडली तथा भविष्य से जुड़ी बातें कर परिवार का विश्वास जीतने का प्रयास किया। आरोप है कि कुछ दिनों बाद बातचीत का विषय बदल गया। कॉल करने वाली ने महिला को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि उसके घर के सामने रहने वाले व्यक्ति के संपर्क में रहने से उसका जीवन बेहतर होगा। इसके बाद निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे गए और कथित तौर पर यह कहा गया कि यदि वह उस व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाएगी तो उसके और उसके परिवार के लिए शुभ परिणाम मिलेंगे।
महिला को बातचीत के तरीके पर संदेह तब हुआ, जब उसने अपने दिवंगत पति के मोबाइल में सुरक्षित कॉल रिकॉर्डिंग सुनी। उसके अनुसार, रिकॉर्डिंग से उसे लगा कि महिला अधिकारी के नाम से बात करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पड़ोसी दत्तू पिसे था, जो तकनीक की मदद से महिला जैसी आवाज का इस्तेमाल कर रहा था। शिकायत के साथ महिला ने कॉल रिकॉर्डिंग और मोबाइल फोन भी पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है और संबंधित मोबाइल नंबरों की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले स्थानीय राजनीति से जुड़ा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।