हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा पूरी तरह गलत : बृजभूषण शरण सिंह
हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा पूरी तरह गलत : बृजभूषण शरण सिंह
गोंडा (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा पूरी तरह गलत है और इसमें तथ्यात्मक रूप से कोई सच्चाई नहीं है।
गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने यह बात कही।
संवाददाताओं ने जब सिंह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के हनुमानगढ़ी में नमाज पढे जाने संबंधी बयान को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ”नहीं, नहीं, नहीं, कभी नमाज नहीं पढ़ी गई थी, यह गलत है।”
सिंह ने इस मामले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की टिप्पणी को लेकर सीधे तौर पर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया, लेकिन कहा कि हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है।
सिंह ने दावा किया कि हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुस्लिम व्यक्ति ने कराया था और मंदिर में आज भी उसके लगवाए गए पत्थर मौजूद हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उस व्यक्ति का नाम याद नहीं है।
उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने संबंधी दावे को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि 27 साल पुरानी बात को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और इस मामले में ”दूध का दूध और पानी का पानी” होना चाहिए।
शंकराचार्य ने कहा था कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने का दावा सिद्ध किया जाना चाहिए, अन्यथा झूठ बोलने वालों को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह हनुमानगढ़ी के महंतों से मुख्यमंत्री के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध करेंगे और यदि ऐसा नहीं होता है तो वह स्वयं हनुमानगढ़ी के दर्शन करना छोड़ देंगे।
भाजपा के पूर्व सांसद सिंह ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जिम्मेदार ठहराए जाने को भी गलत करार दिया और कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
सिंह ने कहा, ”इस मामले से न तो प्रधानमंत्री (नरेन्द्र ) मोदी का कोई संबंध है और न ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का।”
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 जुलाई को अपने अयोध्या दौरे में एक समारोह में विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि जो लोग आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था।
भाषा सं, आनन्द रवि कांत पवनेश माधव
माधव

Facebook


