गाजियाबाद (उप्र), 30 मई (भाषा) गाजियाबाद जिले में कहासुनी के दौरान कथित रूप से चाकू मारे जाने से गम्भीर रूप से घायल हुए 11वीं कक्षा के एक विद्यार्थी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 28 मई को खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी के सूर्य चौहान (17) को गम्भीर रूप से घायल हालत में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, मगर नाजुक हालत के कारण उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
सूर्य चौहान के परिवार ने आरोप लगाया है कि 28 मई की दोपहर उसे किसी ने फोन किया था और उसे एक तय जगह पर मिलने के लिए बुलाया था।
परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ वहां गया तो उनके बीच कहासुनी हो गई जिसके बाद उसके पेट में चाकू से प्रहार किये गये।
परिवार के लोगों ने दावा किया कि सूर्य अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फिर से चाकू से उस पर वार किये।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिलने पर पुलिस घायल किशोर को तुरंत अस्पताल ले गयी जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
श्रीवास्तव ने बताया कि सूर्य चौहान के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी दो को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा।
पुलिस उपायुक्त (नगर क्षेत्र) धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्य चौहान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है जिससे कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू खरीदा गया था।
जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी और सूर्य चाहन एक-दूसरे को जानते थे तथा उनमें दोस्ती भी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और गुस्से में आकर आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर चौहान पर चाकू से हमला कर दिया।
इस बीच, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है।
मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सरकार और प्रशासन को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि दोषियों को सजा दिलाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले साल राज्य में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इस तरह के अपराधों के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।
भाषा सलीम राजकुमार
राजकुमार