मथुरा (उप्र), 16 जुलाई (भाषा) मथुरा जिले में बृहस्पतिवार को दूसरी कक्षा के सात वर्षीय एक छात्र की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पेलखु गांव के निवासी नितिन के रूप में हुई है, जो राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज में दूसरी कक्षा का छात्र था। वह स्कूल बस से विद्यालय पहुंचा था।
जैत थाने के प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि छात्र बस से उतर रहा था, तभी चालक ने कथित तौर पर बस आगे बढ़ा दी। इससे बच्चा गिर गया और बस के पहिये के नीचे आ गया।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण स्कूल परिसर में एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने स्कूल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में ग्रामीणों को शांत करा दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर
मनीषा
मनीषा