उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया
लखनऊ/अमेठी (उप्र) 19 जून (भाषा) कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को लखनऊ और अमेठी समेत कई स्थानों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। प्रदेश इकाई ने यह जानकारी दी।
प्रदेश कांग्रेस इकाई ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘देश के करोड़ों नागरिकों की मुखर आवाज, जननायक राहुल गांधी के जन्मदिवस के खास मौके पर आज प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हनुमंत धाम मंदिर में उपस्थित होकर देवाधिदेव भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक एवं विशेष अर्चन किया।’’
प्रदेश इकाई के अनुसार अध्यक्ष ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि जन-जन के प्रिय नेता राहुल गांधी को दीर्घायु हों तथा उन्हें अक्षुण्ण स्वास्थ्य और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए असीम शक्ति प्राप्त हो।
इस मौके प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने समवेत स्वर में अपने प्रिय नेता के ओजस्वी और यशस्वी जीवन की कामना की।
पोस्ट में कहा, ”संविधान, लोकतंत्र और न्याय की रक्षा के लिए अनवरत संघर्षरत जननायक को जन्मदिवस की अनंत अशेष शुभकामनाएं।”
राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जन-जन के नेता, करोड़ों कार्यकर्ताओं की प्रेरणा, नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा) राहुल गांधी के जन्मदिन के पावन अवसर पर आज लखनऊ के हजरतगंज में ऐतिहासिक हनुमन्त धाम मंदिर में आयोजित भव्य ‘रुद्राभिषेक कार्यक्रम’ में मुझे सम्मिलित होने का सौभाग्य मिला।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘देवों के देव महादेव और संकट मोचन हनुमान जी से मैंने राहुल जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगल कामना की। देश में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले हमारे जननायक का यह संघर्ष पथ हमेशा आलोकित रहे।’’
अमेठी से मिली खबर के अनुसार राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर गौरीगंज में केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने केक काटकर राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र गौरीगंज में कई घंटों तक सड़क पर खड़े होकर राहगीरों, श्रमिकों एवं आमजन को शरबत पिलायी। उन्होंने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच फल, बिस्किट एवं मिठाई वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सिंघल ने कहा कि गांधी परिवार और अमेठी का रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक एवं पारिवारिक रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी ने हमेशा अमेठी के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर इस संबंध को और मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता ने भी समय-समय पर गांधी परिवार को अपना स्नेह, विश्वास और समर्थन दिया है।
जिला कांग्रेस के प्रवक्ता अनिल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश में सामाजिक न्याय, युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं।
सिंह ने कहा कि उनके जन्मदिन पर आयोजित सेवा कार्य उनके जनसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


